मोबाइल फोन बनेगा नया राशन कार्ड
राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। नई योजना के तहत लोगों को राशन लेने के लिए कागजी राशन कार्ड रखने या बार-बार मशीन पर अंगूठा लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
मोबाइल फोन बनेगा नया राशन कार्ड
सरकार की इस नई योजना में लाभार्थियों का मोबाइल फोन ही राशन कार्ड की तरह काम करेगा। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को लाइन में लगने और तकनीकी परेशानियों से राहत देना है। यह व्यवस्था भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की डिजिटल करेंसी पर आधारित होगी, जिसे डिजिटल फूड कूपन नाम दिया गया है। पहली बार केंद्रीय बैंक की डिजिटल मुद्रा का उपयोग सीधे सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किया जाएगा।
तीन राज्यों में शुरू होगा पायलट प्रोजेक्ट
इस नई व्यवस्था की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चंडीगढ़, पुडुचेरी और गुजरात के तीन जिलों—आणंद, साबरमती और दाहोद से की जाएगी। पहले चरण में सीमित संख्या में लाभार्थियों को शामिल किया जाएगा, ताकि नेटवर्क, मोबाइल उपयोग और राशन दुकानों पर व्यवस्था लागू करने में आने वाली चुनौतियों को समझा जा सके। इसके बाद मिले अनुभवों के आधार पर इस मॉडल को पूरे देश में लागू करने की योजना बनाई जाएगी।
हेराफेरी और तकनीकी समस्याओं पर लगेगी रोक
मौजूदा व्यवस्था में अंगूठे का निशान मैच न होने, मशीन खराब होने या गलत एंट्री जैसी कई शिकायतें सामने आती रहती हैं। QR कोड के जरिए राशन मिलने से ऐसी समस्याएं कम होने की संभावना है। डिजिटल रिकॉर्ड बनने से अनाज की हेराफेरी और फर्जी लाभ लेने के मामलों पर भी रोक लगेगी। यदि यह प्रयोग सफल रहता है तो राशन डिपो पर लगने वाली लंबी लाइनों से भी छुटकारा मिल सकता है।
ऐसे काम करेगी नई डिजिटल व्यवस्था
नई प्रणाली के तहत पात्र परिवारों के मोबाइल फोन में हर महीने डिजिटल फूड कूपन भेजे जाएंगे। ये कूपन विशेष मोबाइल वॉलेट में सुरक्षित रहेंगे और केवल राशन दुकानों पर ही इस्तेमाल किए जा सकेंगे। लाभार्थी जब उचित मूल्य की दुकान पर पहुंचेगा तो वह दुकानदार के QR कोड को अपने मोबाइल से स्कैन करेगा। स्कैन करते ही कूपन स्वतः कट जाएंगे और लाभार्थी को राशन मिल जाएगा। इस प्रक्रिया में न तो राशन कार्ड दिखाने की जरूरत होगी और न ही अंगूठा लगाने की, साथ ही पूरा लेन-देन डिजिटल रूप से रिकॉर्ड हो जाएगा।
#RationCard #DigitalIndia #FoodCoupon #FreeRation #GovernmentScheme #PublicDistributionSystem #RBI #DigitalCurrency #NFSA #PMGKAY

Comments
Post a Comment