Haryana CET HSSC CET
ग्रुप डी भर्ती में अब पूर्ण रूप से हरियाणा CET अंकों पर होगा चयन, नहीं मिलेगी सामाजिक आर्थिक वेटेज
हरियाणा सरकार ने ग्रुप सी और ग्रुप डी भर्तियों को लेकर बड़ा फैसला लिया है. सरकार ने संयुक्त पात्रता परीक्षा (CET) को इन भर्तियों के लिए अनिवार्य बना दिया है. ग्रुप सी पदों के लिए उम्मीदवारों को मेंस परीक्षा देनी होती है, जबकि ग्रुप डी पदों पर चयन केवल सीईटी स्कोर के आधार पर किया जाएगा. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) द्वारा ग्रुप सी के लिए सीईटी आयोजित की जा चुकी है और इसके अंक भी जारी कर दिए गए हैं. आयोग ने अब भर्ती की अगली प्रक्रिया शुरू कर दी है.
Haryana CET HSSC CET
CET अंकों के आधार पर होगा चयन
हरियाणा पुलिस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. वहीं ग्रुप डी भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है. सरकार ने ग्रुप डी पदों पर चयन प्रणाली को पूरी तरह सीईटी आधारित कर दिया है.
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में हरियाणा ग्रुप डी कर्मचारी (भर्ती एवं सेवा शर्तें) अधिनियम 2018 में संशोधन को मंजूरी दे दी गई है. अब ग्रुप डी के पदों पर भर्ती 100 प्रतिशत सीईटी अंकों के आधार पर ही की जाएगी.
अब नहीं मिलेगा अतिरिक्त वेटेज
पहले सामाजिक और आर्थिक मानदंडों के आधार पर उम्मीदवारों को 5 प्रतिशत अतिरिक्त वेटेज दिया जाता था. हालांकि सुप्रीम कोर्ट और पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने इस प्रावधान को असंवैधानिक बताते हुए रद्द कर दिया था. इसी न्यायिक फैसले के अनुरूप सरकार ने अधिनियम की दूसरी अनुसूची में संशोधन किया है.
संशोधित नियमों के अनुसार अब किसी भी उम्मीदवार को अतिरिक्त वेटेज, अनुभव अंक या सामाजिक-आर्थिक लाभ नहीं दिया जाएगा. यह नियम उन सभी ग्रुप डी पदों पर लागू होगा जिनकी न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक या उससे अधिक है.
मैट्रिक स्तर का रहेगा पेपर
नई व्यवस्था के तहत सीईटी परीक्षा के वेटेज को भी स्पष्ट किया गया है. कुल अंकों में 75 प्रतिशत भाग सामान्य विषयों से होगा, जबकि 25 प्रतिशत अंक हरियाणा से जुड़े विषयों पर आधारित होंगे. परीक्षा का स्तर पहले की तरह मैट्रिक स्तर का ही रहेगा. सरकार का मानना है कि इस बदलाव से भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनेगी.
#HaryanaCET #HSSC #GroupDRecruitment #GroupCJobs #HaryanaGovernment #GovtJobsHaryana #CETExam #HaryanaJobs

Comments
Post a Comment